देश की खबरें | उन्‍नाव में डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार बाबा और पौत्र समेत तीन की मौत

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना मं उन्‍नाव जिले की पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़ेहरी खेड़ा मजरे लंगरपुर निवासी बिंदा प्रसाद (70) अपने पौत्र शिव कुमार (19) और राहुल (20) के साथ बाइक से भूपतिपुर गांव में अन्य परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

उन्होंने बताया कि वहां से वापस आते समय रविवार की देर रात लंगरपुर चौराहे के समीप सड़क किनारे फुटपाथ पर खड़े होकर अन्य परिजनों के आने का इंतजार कर ही रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार आ रही डीसीएम टक्कर मारते हुए बाइक सवारों पर पलट गयी, जिसके नीचे दबकर तीनों की मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि बिंदा प्रसाद के पुत्र अगनू प्रसाद ने कोतवाली में डीसीएम चालक के विरुद्ध तहरीर दी जिस पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।

दूसरी ओर प्रदेश के मथुरा जनपद में एक माह से मायके में रह रही पत्नी को विदा न करने पर गुस्साए जीजा ने रात में सोते समय साले का अपहरण कर लिया और एकांत में ले जाकर पत्थर से प्रहार कर कथित रूप से उसकी हत्या कर दी ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि यह मामला थाना बलदेव के गांव झरौठा का है। उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहचान पांच साल के भिखारी के रूप में की गयी है। उन्हेांने बताया कि आरोपी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाने के लोहकरेरा गांव में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता मोहिनी की मौत हो गयी। विवाहिता के पिरजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है ।

उन्होंने बताया कि आगरा के ही थाना हरीपर्वत अंतर्गत पालीवाल पार्क में सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव पेड़ पर लटका मिला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)