(अनन्या त्रिवेदी)
नयी दिल्ली, पांच फरवरी दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुधवार को कई परिवारों की तीन पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया, जो लोकतांत्रिक भागीदारी के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में अपने पिता गोबिंद राम केजरीवाल, मां गीता देवी और बेटे पुलकित केजरीवाल के साथ वोट डाला।
कई मतदान केंद्रों पर इसी तरह के दृश्य देखे गए, जहां परिवार की तीन पीढ़ियां अपने मताधिकार का प्रयोग करने एक साथ पहुंचीं।
विकासपुरी में 20 वर्षीय ऋत्विक मित्तल ने अपने 40 वर्षीय पिता और 78 वर्षीय दादा के साथ मतदान किया। ऋत्विक ने कहा, ‘‘तीन पीढ़ियां, एक प्रतिबद्धता। हमारा परिवार अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक साथ मतदान करता है। जब हम (मतदान में) भाग लेते हैं तो लोकतंत्र फलता-फूलता है।’’
रोहिणी निर्वाचन क्षेत्र में अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ मतदान करने वाले 23 वर्षीय हृदय अरोड़ा ने कहा, ‘‘यह पहली बार नहीं है जब मैंने उनके साथ मतदान किया है, लेकिन यह हमेशा खास लगता है। मैं अन्य लोगों को भी अपने परिवारों को साथ लाने और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।’’
पश्चिमी दिल्ली में अपने पिता और दादा के साथ वोट डालने पहुंचे 25 वर्षीय अभिजीत शर्मा ने कहा, ‘‘तीनों पीढ़ियों ने मतदान किया। हम बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं और मतदान केंद्र पर व्यवस्था की सराहना करते हैं।’’
लक्ष्मी नगर में नीतू कपासी (49) ने भी ऐसा ही अनुभव साझा किया, जिन्होंने अपनी बेटी और मां के साथ मतदान किया। नीतू ने कहा, ‘‘एक साथ मतदान करना एक शानदार अनुभव था। व्यवस्थाएं सुचारू थीं और हमें कोई समस्या नहीं हुई।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY