अहमदाबाद, 15 अगस्त अहमदाबाद शहर की अपराध शाखा ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनके पास से नौ बंदूकें जब्त की गई हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आरोपियों को गत चार दिनों में शहर के जुहापुरा, दरियापुर और कालूपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि आरोपियों से आठ पिस्तौल, एक तमंचा और 19 कारतूस जब्त किया गया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक एक गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा ने सबसे पहले जुहापुरा निवासी आरिफ खान पठान को गिरफ्तार किया और एक पिस्तौल और छह कारतूस जब्त किए, जो उसने दरियापुर निवासी रफीक अहमद शेख से हासिल किए थे।
विज्ञप्ति के अनुसार अधिकारियों ने इलाके पर नजर रखी और कुछ दिनों बाद 50 वर्षीय शेख को पकड़ लिया। पुलिस ने कथित तौर पर उसके कब्जे से तीन देशी पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसे जानकारी मिली कि कालूपुर इलाके के असलम खान पठान (56) के पास भी अवैध हथियार हैं जिसके बाद उसे दो पिस्तौल, एक देशी बंदूक और सात कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि खान ने अपने आवास के सामने एक बिजली के खंभे के पास दो और पिस्तौल छिपा कर रखी थी जिसे बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार अपराध शाखा की जांच से पता चला कि जुहापुरा निवासी दिलदार अंसारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसने एक साल पहले असलम खान को इन हथियारों और गोला-बारूद की आपूर्ति की थी।
अधिकारियों ने बताया कि शेख को पहले हत्या, डकैती और जुए के मामलों में गिरफ्तार किया गया था, जबकि असलम खान को 2010 में हमले के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY