एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | थॉमस और उबेर कप : भारत की पुरुष और महिला टीम ने की शानदार शुरुआत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी.  अश्मिता चालिहा ने अपने से ऊंची रैंकिंग की खिलाड़ी मिशेल लि को हराकर उलटफेर किया जिससे भारतीय महिला टीम ने उबेर कप टूर्नामेंट में कनाडा पर 4-1 से जीत से सकारात्मक शुरुआत की।

खेल की खबरें | थॉमस और उबेर कप : भारत की पुरुष और महिला टीम ने की शानदार शुरुआत

 अश्मिता चालिहा ने अपने से ऊंची रैंकिंग की खिलाड़ी मिशेल लि को हराकर उलटफेर किया जिससे भारतीय महिला टीम ने उबेर कप टूर्नामेंट में कनाडा पर 4-1 से जीत से सकारात्मक शुरुआत की।

रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज चालिहा ने मानसिक मजबूती और जज्बे का शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की 25वें नंबर की खिलाड़ी लि को शुरुआती एकल मुकाबले में 42 मिनट में 26-24 24-22 से मात दी। लि 2014 और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक विजेता हैं।

फरवरी में पहली बार एशिया टीम चैम्पियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही चालिहा ने पीवी सिंधू सहित शीर्ष खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में जिम्मेदारी अच्छी तरह निभायी।

पिछले दिसंबर में सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताब जीतने वाली प्रिया कोन्जेंगबाम और श्रुति मिश्रा की युवा महिला युगल जोड़ी ने कैथरीन चोई और जेसलिन चाउ को 21-12, 21-10 से हराकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

इशारानी बरुआ ने वेन यू झांग को 21-13, 21-12 से हराकर भारत को 3-0 की अजेय बढ़त दिलाने में मदद की।

दूसरे महिला युगल में सिमरन सिंघी और रितिका ठाकर को कनाडा की जैकी डेंट और क्रिस्टल से 19-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।

इससे बाद राष्ट्रीय चैम्पियन अनमोल खरब ने पांचवें और अंतिम मैच में एलियाना झांग को 21-15, 21-11 से हराकर आसान जीत हासिल की।

युवा भारतीय टीम को आगे बड़े मुकाबले खेलने हैं जिसमें उसे ग्रुप ए में रविवार को सिंगापुर और मंगलवार को चीन से भिड़ना है।

थॉमस कप में एचएस प्रणय को भारत के पहले मुकाबले में कुनलावुत विटिडसर्न के खिलाफ 20-22, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने पीराचाई सुखपुन और पक्कापोन तेरारातसकुल को 64 मिनट तक चले मैच में  21-19, 19-21, 21-12 से हराकर स्कोर बराबर  किया।

लक्ष्य सेन ने 63 मिनट तक संघर्ष करते हुए पैनिटचाफोन टीरारातसकुल को 21-12, 19-21, 21-16 से हराकर भारत को बढ़त दिला दी।

एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की दूसरी भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने तनादोन पुनपनिच और वाचिरावित सोथोन को 21-19, 21-15 से हराकर मुकाबला भारत के पक्ष में कर दिया।

महत्वहीन आखिरी मुकाबले में किदांबी श्रीकांत ने सरन जमश्री को केवल 29 मिनट में 21-9, 21-5 से हरा दिया।

भारतीय महिला टीम उबेर कप में अपने अगले ग्रुप ए मुकाबले में सिंगापुर का सामना करेगी, जबकि पुरुष टीम सोमवार को अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड से भिड़ेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2024 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).