Rahul Gandhi LS Speech Video: लोकसभा में बरसे राहुल गांधी, कहा- मोदी सरकार ने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन्होंने ‘‘मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है.... भारत माता की हत्या की है और ये भारत माता के रखवाले नहीं हो सकते.’’
नयी दिल्ली, नौ अगस्त: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन्होंने ‘‘मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है.... भारत माता की हत्या की है और ये भारत माता के रखवाले नहीं हो सकते.’’ उन्होंने लोकसभा में सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा, ‘‘आप देशद्रोही हैं, आप देशप्रेमी नहीं हैं....इसलिए आपके प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा रहे. इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान को मार दिया है.’’ यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi On Manipur Violence: अविश्वास प्रस्ताव के दौरान बोले राहुल गांधी, 'भाजपा ने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की'
उन्होंने कहा, ‘‘आप भारत माता के रखवाले नहीं हो, आप भारत माता के हत्यारे हो.’’ इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भारत माता के बारे में कोई भी ऐसा शब्द नहीं बोला जाना चाहिए जो उचित नहीं हो.’’ इसके जवाब में राहुल ने कहा, ‘‘भारत माता मेरी भी माता हैं. मेरी एक माता (सोनिया गांधी) यहां बैठी हुई हैं और दूसरी भारत माता हैं.’’
देखें वीडियो:
इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सदन में उपस्थित थीं. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कुछ दिनों पहले मैं मणिपुर गया. हमारे प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान (का हिस्सा) नहीं है.’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज की सच्चाई है कि मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है.’’
उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले साल 130 दिन तक मैंने भारत के एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा की. उन्होंने कहा, ‘‘मैं समुद्र के तट से कश्मीर की बफीर्ली पहाड़ी तक चला.’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जिस चीज के लिए मैं मरने को तैयार हूं, जिस चीज के लिए मोदी जी की जेलों में जाने को तैयार हूं और जिस चीजे के लिए 10 साल तक गाली खाई है...उसे मैं समझना चाहता था.’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं यात्रा कर रहा था तो मुझे भीड़ की आवाज सुनाई नहीं देती है, जिससे बात करता था उसका दुख और दर्द सुनाई देता था.’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यह देश एक आवाज है, इस देश के लोगों का दुख है, दर्द है, कठिनाइयां हैं, उसे समझना है. इसे समझने के लिए हमें अपने अहंकार, इच्छाओं और सपनों को दूर करना होगा.’’
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से कहा, ‘‘पिछली बार मैं जब बोला था तो आपको थोड़ा कष्ट हुआ था क्योंकि मैं अडाणी जी के बारे में केंद्रित था...आपको जो कष्ट हुआ उसके लिए माफी मांगता हूं.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2023 12:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

