बेंगलुरु,आठ सितंबर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के साथ तालमेल करेगी।
येदियुरप्पा की इस घोषणा ने राज्य में सियासी तापमान बढ़ा दिया है।
भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा ने कहा कि चुनावी तालमेल के तहत जद(एस) कर्नाटक में 28 संसदीय क्षेत्रों में से चार पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा और जद(एस) के बीच तालमेल होगा। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जद(एस) को चार लोकसभा सीट देने के लिए राजी हो गए हैं।’’
येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा,‘‘ इसने हमें काफी ताकत दी है और इससे साथ मिल कर हमें 25-26 लोकसभा सीट जीतने में मदद मिलेगी।’’
जद(एस) प्रमुख देवेगौड़ा ने हाल में कहा था कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी।
भाजपा ने कर्नाटक में 2019 के लोकसभा चुनावों में 25 सीट पर जीत हासिल की थी, वहीं, भाजपा समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार ने एक सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस और जद(एस) ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY