देश की खबरें | सुशांत की मौत से पहले उनके घर पर पार्टी नहीं हुई थी : मुंबई पुलिस आयुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस के प्रमुख परमबीर सिंह ने सोमवार को कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आवास पर 13 जून को कोई पार्टी नहीं हुई थी। इसके अगले दिन ही वह यहां के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे।
मुंबई, तीन अगस्त मुंबई पुलिस के प्रमुख परमबीर सिंह ने सोमवार को कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आवास पर 13 जून को कोई पार्टी नहीं हुई थी। इसके अगले दिन ही वह यहां के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे।
सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि मुंबई पुलिस की जांच में किसी भी नेता का नाम सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़े | आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए COVID-19 की जांच.
सिंह ने कहा कि बिहार की पुलिस टीम के साथ सहयोग नहीं करने का सवाल ही नहीं है। बिहार पुलिस की एक टीम सुशांत सिंह राजपूत मामले में जांच के लिए महानगर आई हुई है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस मामले में मुंबई पुलिस कानूनी मशविरा कर रही है।
यह भी पढ़े | मुंबई पुलिस ने रिया चक्रवर्ती का बयान दर्ज किया : 3 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने रविवार को दावा किया कि पटना के आईपीएस विनय तिवारी बॉलीवुड अभिनेता की मौत की जांच के सिलसिले में मुंबई गए थे जहां महानगर के नगर निकाय अधिकारियों ने उन्हें ‘‘जबर्दस्ती पृथक-वास’’ में भेज दिया।
पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने कहा कि मुंबई पुलिस की जांच सही दिशा में चल रही है और मामले की जांच हर संभावित बिंदु से की जा रही है।
सिंह ने कहा कि इस तरह की खबरें हैं कि अभिनेता को बाइपोलर बीमारी थी और उनका उपचार चल रहा था तथा वह इसकी दवा ले रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, यह हमारे लिए जांच का विषय है।’’
मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज करने के बाद जांच चल रही है और मुंबई पुलिस ने अभी तक 56 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
उन्होंने बताया कि सुशांत की बहन के भी बयान दर्ज किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की आठ जून को हुई मौत से उन्हें जोड़े जाने के कारण अभिनेता दुखी थे।
महाराष्ट्र के एक प्रमुख युवा नेता के नाम का सोशल मीडिया पर जिक्र किए जाने के बारे में पूछने पर सिंह ने कहा, ‘‘अभी तक की जांच में किसी नेता का नाम नहीं आया है। किसी भी पार्टी के किसी भी नेता के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार पुलिस की प्राथमिकी में कहा गया है कि सुशांत के खाते से 15 करोड़ रुपये निकाले गए। जांच के दौरान हमने पाया कि उनके खाते में 18 करोड़ रुपये थे, जिनमें से साढ़े चार करोड़ रुपये अब भी हैं।’’
उन्होंने कहा कि सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खाते में सीधे धन अंतरण की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच के दौरान फॉरेंसिक विशेषज्ञों और चिकित्सकों से परामर्श किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने उनके घर के 13 और 14 जून के सीसीटीवी फुटेज हासिल किए हैं लेकिन वहां पार्टी होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सुशांत के पिता, बहन और बहनोई के बयान 16 जून को दर्ज किए गए। उस वक्त उन्होंने न तो कोई संदेह जताया, न ही हमारी जांच में किसी तरह की खामी की शिकायत की।’’
पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘हर बिंदु से जांच की जा रही है, चाहे पेशेवर प्रतिद्वंद्विता हो, वित्तीय लेन-देन हो या स्वास्थ्य का पहलू हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)