देश की खबरें | वांछित सामाजिक-आर्थिक परिणाम के लिए शहरों के पारंपरिक नियोजन मॉडल पर पुनर्विचार की जरूरत: पुरी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वांछित सामाजिक-आर्थिक परिणाम देने के लिए शहरों के पारंपरिक नियोजन मॉडल पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है।

अहमदाबाद, नौ फरवरी केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वांछित सामाजिक-आर्थिक परिणाम देने के लिए शहरों के पारंपरिक नियोजन मॉडल पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है।

दो दिवसीय ‘अर्बन-20 सिटी शेरपा’ बैठक के उद्घाटन सत्र के लिए एक वीडियो संदेश में मंत्री ने कहा कि व्यापक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निवेश और वित्तपोषण पर एक मजबूत चर्चा जरूरी होगी।

उन्होंने रेखांकित किया कि तेजी से शहरीकरण के साथ, बेहतर योजना, नीतियों और शासन के माध्यम से जल सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण था।

‘अर्बन-2 सिटी शेरपा’ का मकसद शहरों के बीच एकजुटता को बढ़ावा देना है ताकि जी-20 के समग्र उद्देश्यों के साथ तालमेल बैठाया जा सके।

भारत की अध्यक्षता के तहत, गुजरात में आयोजित किया जा रहा जी20 का यह तीसरा कार्यक्रम है।

सम्मेलन में अपने संदेश में पुरी ने कहा, “ ‘वसुधैव कुटुम्बकम - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' की थीम के अनुरूप, इस साल का शिखर सम्मेलन वह शुरुआत होगी जिससे पारस्परिक रूप से लाभकारी और स्थायी अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए एक ढांचा तैयार होगा।”

अर्बन-20 (यू20), जी20 के कार्य समूहों में से एक है जो जी20 देशों के शहरों के लिए जलवायु परिवर्तन, सामाजिक समावेश, निरंतर गतिशीलता, किफायती आवास और शहरी बुनियादी ढांचे के वित्तपोषण सहित शहरी विकास के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की सुविधा के लिए एक मंच प्रदान करता है और सामूहिक समाधानों का प्रस्ताव करता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि इस साल का ‘अर्बन 20 एंगेजमेंट ग्रुप’ यह प्रदर्शित करेगा कि शहरों द्वारा अपनाई गई नीतियों और व्यवस्थाओं का वास्तव में विकास के वैश्विक एजेंडे पर शक्तिशाली प्रभाव पड़ता है।

पुरी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि यह एक ऐसा क्षेत्र होगा जहां इस वर्ष के शिखर सम्मेलन में काफी ज्ञान हासिल होगा और साझा किया जाएगा। वांछित सामाजिक आर्थिक परिणाम देने के वास्ते शहरों के लिए एक और महत्वपूर्ण चिंता पारंपरिक नियोजन मॉडल पर पुनर्विचार करना है।”

उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि हमारे सामूहिक अनुभव और शुरुआती बैठक में चर्चाओं से हासिल सबक हमें एक साहसिक, दूरदृष्टि वाला कार्यढांचा बनाने में मदद करेंगे जिसे जी20 के नेताओं के साथ साझा किया जा सकता है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\