देश की खबरें | केरल में हत्यारे और अपराधी बेखौफ हैं : भाजपा नेता मुरलीधरन

तिरुवनंतपुरम, एक फरवरी पलक्कड़ में हाल ही में हुए दोहरे हत्याकांड और कथित यौन शोषण के कारण एक लड़की की मौत जैसे मामलों का जिक्र करते हुए भाजपा नेता वी. मुरलीधरन ने शनिवार को आरोप लगाया कि ये घटनाएं दर्शाती हैं कि केरल में हत्यारे और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधरन ने कहा कि अक्सर राज्य सरकार केवल अंतरिम उपाय ही करती है, जिससे ऐसी घटनाओं से जनता का ध्यान हट जाता है लेकिन इनकी पुनरावृत्ति नहीं रुकती।

उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं और इसलिए लोगों को गंभीरता से आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

सोमवार को पलक्कड़ जिले के नेनमारा में लक्ष्मी (72) और उनके बेटे सुधाकरन (53) की उनके घर के बाहर एक पड़ोसी ने कथित तौर पर दिनदहाड़े हत्या कर दी। 2019 में सुधाकरन की पत्नी की हत्या के सिलसिले में जेल में बंद आरोपी ने जमानत पर बाहर आने के बाद वारदात को अंजाम दिया।

भाजपा नेता मुरलीधरन ने जिस दूसरी घटना का जिक्र किया, वह हाल ही में एर्णाकुलम जिले के चोट्टानिकारा में 19 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर उसके ब्वॉयफ्रेंड द्वारा यौन शोषण और क्रूर हमले से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी था।

सोमवार को चोट्टानिकारा में अपने आवास पर गंभीर रूप से घायल पाई गई लड़की को अस्पताल में जीवनरक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया था और शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

मुरलीधरन ने कहा कि लड़की पॉक्सो मामले की पीड़िता थी और इसलिए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार का कर्तव्य था।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘राज्य अपना कर्तव्य क्यों नहीं निभा सका, यह एक ऐसा सवाल है जिसका उत्तर दिया जाना चाहिए और इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)