कौशांबी (उत्तर प्रदेश), 28 अप्रैल कौशांबी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में नलकूप की रखवाली कर रहे एक युवक की लोहे की सरिया से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी गयी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सराय अकिल थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विनीत सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के कोटिया गांव में पंचायती अखाड़ा, प्रयागराज की कृषिभूमि में एक नलकूप लगा है। उन्होंने बताया कि कोटिया निवासी प्रेम (32) रोज की तरह बृहस्पतिवार की रात लगभग आठ बजे नलकूप की रखवाली करने गया था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजन उसका खाना लेकर नलकूप पर गए तो उसका रक्तरंजित शव नलकूप के लिए बने छज्जे पर पड़ा मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसएचओ ने बताया कि मृतक के पिता बड़े लाल की तहरीर पर गांव के ही बृजेंद्र व कंधई नामक दो युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपी कंधई पहले प्रेम की जगह नलकूप की रखवाली करता था, लेकिन किसी बात को लेकर पंचायती अखाड़ा प्रबंधन ने उसे चौकीदारी के काम से हटा दिया था। इसी वजह से वह नाराज था। एसएचओ ने बताया कि प्रेम की लोहे की सरिया से प्रहार कर हत्या की गयी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY