देश की खबरें | बलिया में अभिलेखों में मृत घोषित महिला डीएम के समक्ष पहुंची, ताऊ के बेटों पर लगाया आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बलिया जिले में कथित तौर पर राजस्व अभिलेखों में मृत घोषित की गयी एक महिला ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर खुद के ज़िंदा होने का दावा किया और अपने ताऊ के बेटों पर संपत्ति हथियाने के लिए अभिलेखों में उनका नाम मृतक के तौर पर दर्ज कराने का आरोप लगाया।
बलिया (उप्र), 19 जून बलिया जिले में कथित तौर पर राजस्व अभिलेखों में मृत घोषित की गयी एक महिला ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर खुद के ज़िंदा होने का दावा किया और अपने ताऊ के बेटों पर संपत्ति हथियाने के लिए अभिलेखों में उनका नाम मृतक के तौर पर दर्ज कराने का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी (डीएम) मंगला प्रसाद सिंह के बृहस्पतिवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंची शारदा देवी (55) ने आरोप लगाया कि उन्हें मृतक दिखाकर उसके ताऊ के पुत्रों ने अपना नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा दिया है।
डीएम ने उप जिलाधिकारी, बैरिया को इस मामले में जांच अधिकारी नामित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि वह आज कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जनता दर्शन में आमजन की शिकायतों को सुन रहे थे, तभी बैरिया तहसील के बसंतपुर की निवासी शारदा देवी ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह जिंदा हैं लेकिन उनका नाम अभिलेखों में मृतक के तौर पर दर्ज करा दिया गया है।
डीएम के मुताबिक, पत्र में कहा गया है “मैं प्रत्यक्ष जिंदा हूं, मगर अभिलेखों में मुझे मृतक दिखाकर बड़े पिता (ताऊ) के पुत्रों ने वसीयत को बदलवाकर राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।”
शारदा देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि वह अपने पिता दिवंगत राजाराम सिंह की एक मात्र संतान हैं और पिता की मृत्यु के बाद उनका नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज हुआ था, मगर वर्ष 2023 में, उन्हें मृतक दिखाकर, उनके ताऊ के पुत्रों ने अपना नाम दर्ज करा लिया।
सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शिकायत सही लगती है और इस मामले में उप जिलाधिकारी, बैरिया को जांच अधिकारी नामित किया गया है और उन्हें एक सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों और राजस्व कर्मियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और इसमें मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

