एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 239 अंक चढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. निचले स्तर पर एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और एमएंडएम जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी के चलते मंगलवार को शेयर बाजार में पिछले कई दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 239 अंक चढ़ा

मुंबई, 19 नवंबर निचले स्तर पर एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और एमएंडएम जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी के चलते मंगलवार को शेयर बाजार में पिछले कई दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।

इस दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 240 अंक या 0.31 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी करीब 65 अंक या 0.28 प्रतिशत चढ़कर बंद हुए।

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी से भी सूचकांक को समर्थन मिला।

चार दिन की गिरावट के बाद सेंसेक्स 239.37 अंक या 0.31 प्रतिशत चढ़कर 77,578.38 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में रिलायंस इंडस्ट्रीज में आई गिरावट ने बाजार की तेजी को सीमित कर दिया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 1,112.64 अंक या 1.43 प्रतिशत बढ़कर 78,451.65 अंक पर पहुंच गया था।

पिछले सात कारोबारी सत्रों से गिरावट का सामना कर रहा एनएसई निफ्टी भी 64.70 अंक या 0.28 प्रतिशत बढ़कर 23,518.50 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड और इंफोसिस में उल्लेखनीय बढ़त हुई।

दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर नुकसान में रहे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,403.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके मुकाबले घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,330.56 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत गिरकर 73.12 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के कारण प्रमुख शेयर बाजार बीएसई और एनएसई 20 नवंबर को बंद रहेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 19, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).