जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 519 अंक और टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में भी जारी रहा। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच बीएसई सेंसेक्स 518 अंक से अधिक टूट गया।
मुंबई, 21 नवंबर घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में भी जारी रहा। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच बीएसई सेंसेक्स 518 अंक से अधिक टूट गया।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 518.64 अंक यानी 0.84 प्रतिशत टूटकर 61,144.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 604.15 अंक तक नीचे चला गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 147.70 अंक यानी 0.81 प्रतिशत टूटकर 18,159.95 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, विप्रो और टाटा स्टील प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और पावरग्रिड शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट घरेलू अर्थव्यवस्था के लिये काफी सकारात्मक है। हालांकि, वैश्विक बाजारों में चुनौतियों के कारण बाजार में स्थिति अनुकूल नहीं रही। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व का मौद्रिक नीति के स्तर पर कड़ा रुख जारी रहने की आशंका और चीन में कोविड महामारी को लेकर पाबंदियों से अंतरराष्ट्रीय बाजार पर असर पड़ा है।’’
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘निफ्टी लगातार तीसरे दिन नुकसान में रहा। वैश्विक स्तर पर निवेशक चीन में कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिये नई पाबंदियों के आर्थिक प्रभाव को लेकर चिंतित हैं।’’
बीएसई ‘मिडकैप’ और ‘स्मॉलकैप’ क्रमश: 0.15 प्रतिशत और 0.01 प्रतिशत नुकसान में रहे।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में, जबकि जापान का निक्की लाभ में रहा।
यूरोप में बाजार शुरुआती कारोबार में नुकसान में रहे। अमेरिका में वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को बढ़त में रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 86.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 751.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 21, 2022 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

