जरुरी जानकारी | लगातार दूसरे दिन चढ़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स 157 अंक मजबूत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी निवेशकों की लिवाली के बीच धातु, सूचना प्रौद्योगिकी और पूंजीगत सामान कंपनियों के शेयरों में तेजी से स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लाभ दर्ज हुआ और सेंसेक्स 157 अंक बढ़कर बंद हुआ।
मुंबई, छह अक्टूबर विदेशी निवेशकों की लिवाली के बीच धातु, सूचना प्रौद्योगिकी और पूंजीगत सामान कंपनियों के शेयरों में तेजी से स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लाभ दर्ज हुआ और सेंसेक्स 157 अंक बढ़कर बंद हुआ।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 156.63 अंक यानी 0.27 प्रतिशत चढ़कर 58,222.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 513.29 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 57.50 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,331.80 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी और बजाज फाइनेंस के शेयर गिरावट में बंद हुए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख और तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद घरेलू बाजार मजबूत रहे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘घरेलू और विदेशी दोनों निवेशकों की लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। धातु, आईटी और रियल्टी जैसे क्षेत्रों में सुधार के साथ कंपनियों के चालू वित्त वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के परिणाम बेहतर रहने की उम्मीद के बीच बाजार में तेजी आई।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में रहे, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुए।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को मामूली गिरावट में बंद हुए।
वहीं, दशहरा के अवसर पर घरेलू शेयर बाजार बुधवार को बंद रहे थे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.14 प्रतिशत चढ़कर 93.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,344.63 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 06, 2022 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

