विदेश की खबरें | शेरपा भाइयों ने सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर पहुंचने की यात्रा आरंभ की

काठमांडू, 13 दिसंबर (एपी) तीन शेरपा भाइयों ने दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करने की अपनी यात्रा सोमवार को आरंभ की। इस पर्वतारोहण के दौरान वे उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों को भी पार करेंगे।

मिंगमा शेरपा और छांग दावा शेरपा दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर पहले ही पहुंच चुके हैं। ये सभी चोटियां एशिया में हैं। उनके सबसे छोटे भाई ताशी लाकपा भी इनमें से छह चोटियों पर पहुंच चुके हैं। लाकपा भी विश्वभर की ऊंची चोटियों तक पहुंचने की यात्रा पर अपने भाइयों के साथ जाएंगे।

मिंगमा ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) से यहां कहा, ‘‘हम दुनिया के सभी 14 सबसे ऊंचे पर्वतों पर चढ़ाई करने वाले पहले भाई हैं और अब हम सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करने और दोनों धुव्रों पर पहुंचने को तैयार हैं, ताकि हम पर्वतारोही समुदाय में पर्वतारोहण के ग्रैंड स्लैम विजेता भाई बन जाएं।’’

तीनों भाइयों की सोमवार को नेपाल से अंटार्कटिका के लिए उड़ान भरने के बाद माउंट विंसन की चढ़ाई के साथ अपनी यात्रा शुरू करने की योजना है। इसके बाद वे दक्षिणी ध्रुव पर स्कीइंग करेंगे।

मिंगमा ने कहा कि उनकी एक साल में यात्रा पूरी करने की योजना है और वे इसके लिए अपना धन खर्च कर रहे हैं।

ये भाई काठमांडू में ‘सेवन समिट ट्रेक’ का संचालन करते हैं, जो देश में सबसे बड़ा पर्वतारोहण आयोजक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)