देश की खबरें | दुष्‍कर्म पीड़िता ने की थाने में आत्महत्या, अखिलेश यादव ने इसे भाजपा सरकार के मुंह पर तमाचा बताया

इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि यह घटना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के मुंह पर तमाचा है।

आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला को विगत दिनों कुछ लोगों ने रात को आवाज दी और जब वह घर से बाहर निकली तो उसके साथ मारपीट की गयी। महिला के पति का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान उसने गांव के ही अनिल नामक एक व्यक्ति को पहचान लिया था।

पुलिस पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि पीड़िता ने पुलिस से कई बार न्याय की गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों के अनुसार शनिवार को भी महिला थाने पर पहुंची लेकिन पुलिस कार्रवाई के लिए टस से मस नहीं हुई, जिसके बाद महिला ने थाने में ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंची तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हालांकि पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला ने थाने में जहर नहीं खाया। उन्होंने घटना में लापरवाही बरतने पर मेहनाजपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष चुन्ना सिंह को निलंबित कर दिया है।

इस घटना का लेकर यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, '' आजमगढ़ में दुष्कर्म के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से आहत महिला ने थाने में की आत्महत्या—अत्यंत दुखद!''

आगे लिखा, '' यह घटना भाजपा सरकार के मुंह पर तमाचा है जो बड़े दावे कर प्रदेश में आम जनमानस को न्याय देने की बात करती है। दोषी पुलिस अधिकारियों एवं आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करे सरकार।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)