उत्तरकाशी, 28 नवंबर उत्तराखंड में सिलक्यारा सुरंग में पिछले 17 दिन से फंसे श्रमिकों के बाहर निकाले जाने का सिलसिला शुरू हो गया है और अबतक आठ श्रमिकों को बाहर निकाला जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों को एक-एक करके 800 मिमी के उस पाइप के जरिए बाहर निकाला जा रहा है जिसे मलबे में ड्रिल करके डाला गया था। सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।
मजदूरों को निकाले जाने के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह भी मौजूद रहे ।
बाहर निकल रहे श्रमिकों को मुख्यमंत्री ने अपने गले लगाया तथा उनसे बातचीत की। बचाव कार्य में जुटे लोगों के साहस की भी उन्होंने जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पार पोस्ट किया, ‘‘ सिलक्यारा टनल में श्रमिक भाइयों को बाहर निकालने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। अभी तक आठ श्रमिकों को रेसक्यू कर लिया गया है। सभी श्रमिकों का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण टनल में बने अस्थायी मेडिकल कैंप में किया जा रहा है।’’
बताया जा रहा है कि करीब एक-डेढ़ घंटे में सभी 41 श्रमिकों को बाहर निकालने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इससे पहले अभियान से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि शाम सात बजकर पांच मिनट पर सुरंग के अवरूद्ध हिस्से में फैले मलबे की खुदाई कर पाइप आर-पार पहुंचाई गई।
चारधाम यात्रा मार्ग पर बन रही सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था, जिससे उसमें 41 श्रमिक फंस गए थे ।
दीप्ति
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY