देश की खबरें | राष्ट्रपति का अभिभाषण पूरी तरह से राजनीतिक था : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 31 जनवरी कांग्रेस ने शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण को ‘‘पूरी तरह से राजनीतिक भाषण’’ बताया और दावा किया कि इसमें इस बात की कोई स्वीकार्यता नहीं थी कि देश के आम लोग रोजाना किन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इस तीसरे कार्यकाल में तीन गुना अधिक गति से काम हो रहा है तथा अर्थव्यवस्था को ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ (नीतिगत पंगुता) जैसी परिस्थितियों से उबारने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई गई है।

बजट सत्र की शुरुआत में संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी कहा कि ‘एक देश, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया गया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रपति से ‘‘पूरी तरह से राजनीतिक भाषण’’ दिलवाया है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह एक बहुत ही पूर्वानुमानित भाषण था, जिससे कोई आश्चर्य नहीं हुआ।

थरूर ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘उनका काम अपनी सरकार की प्रशंसा करना है, उन्होंने ऐसा किया। लेकिन हमें इस बात की चिंता है कि उनके भाषण में उन बातों का जिक्र नहीं था, जिन्हें पूरा करने में सरकार विफल रही है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘तथ्य यह है कि बेरोजगारी बहुत अधिक है, युवा न केवल रिकॉर्ड बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, बल्कि शिक्षित युवाओं के पास भी नौकरियां नहीं हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी परिस्थितियों में हम वास्तव में एक चुनौती का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रपति के भाषण में इस बात की कोई स्वीकृति नहीं थी कि भारत का सामान्य नागरिक दिन-ब-दिन क्या अनुभव कर रहा है।’’

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि मुर्मू का अभिभाषण ‘‘दुर्भाग्य से सरकार की कथित उपलब्धियों की झूठी सूची को दोहराने से ज्यादा कुछ नहीं था।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राष्ट्रपति भवन को हर साल की शर्मिंदगी से बचना चाहिए। अन्यथा भारत के माननीय राष्ट्रपति को अपने मन की बात कहने की अनुमति दी जानी चाहिए।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)