एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रेलवे स्टेशन परिसर में युवकों को शराब पीने से रोकने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मी की पिटाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के परिसर में खड़ी एक कार में बैठे युवकों ने शराब पीने से रोकने की कोशिश करने वाले जीआरपी के एक जवान की पिटाई कर दी।

देश की खबरें | रेलवे स्टेशन परिसर में युवकों को शराब पीने से रोकने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मी की पिटाई

भोपाल, 28 अप्रैल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के परिसर में खड़ी एक कार में बैठे युवकों ने शराब पीने से रोकने की कोशिश करने वाले जीआरपी के एक जवान की पिटाई कर दी।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 26 और 27 अप्रैल की दरमियानी रात को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने जितेंद्र यादव नामक एक व्यक्ति से पूछताछ की और उसे नोटिस देने के बाद छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि घटना के सिलसिले में दो अन्य लोगों की तलाश जारी है।

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन अपने विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, आधुनिक सुविधाओं और डिजाइन के लिए जाना जाता है।

अधिकारी के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ, जब राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान नजर दौलत खान ने रेलवे स्टेशन के परिसर में खड़ी एक कार में बैठे युवकों के शराब पीने पर आपत्ति जताई।

अधिकारी ने कहा, “दोनों पक्षों में बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई। कार में सवार एक युवक ने खान की पिटाई कर दी और उसकी वर्दी फाड़ दी।”

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। इसमें युवक सरकारी वाहन के अंदर खान की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में खान को पिटाई के बाद फटी हुई वर्दी में मौके से जाते हुए देखा जा सकता है।

विपक्षी दल कांग्रेस ने 'एक्स' पर यह वीडियो साझा करते हुए मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा।

पार्टी ने सवाल किया, "(मुख्यमंत्री) मोहन यादव जी, अपने गृह मंत्री से पूछिए और एक परिपत्र जारी कीजिए, राज्य में पुलिस की पिटाई कितनी बार आपके लिए गैर-संज्ञेय अपराध होगी?"

कांग्रेस ने कहा कि रानी कमलापति स्टेशन पर शराबी युवकों द्वारा पुलिसकर्मी की पिटाई सरकार की बेशर्मी और अक्षमता को दर्शाती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि नशे में धुत युवकों ने जीआरपी कर्मी की पिटाई करते समय आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में नफरत बढ़ रही है।

भाजपा प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

चतुर्वेदी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, "कांग्रेस को आत्मचिंतन करना चाहिए। कांग्रेस के शासन में न तो जनता सुरक्षित थी और न ही पुलिस। भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। कानून का राज है और रानी कमलापति स्टेशन परिसर में हुई घटना के सिलसिले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2025 06:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).