COVID-19 Update: देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 14,35,569 हुई
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,49,394 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,19,52,712 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 14,35,569 रह गई है.
नयी दिल्ली, 4 फरवरी : भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,49,394 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,19,52,712 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 14,35,569 रह गई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से 1,072 और लोगों की मौत के बाद, संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,00,055 हो गई. देश में अभी 14,35,569 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.42 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 98,352 की कमी दर्ज की गयी. देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 95.39 प्रतिशत है.
अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 9.27 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 12.03 प्रतिशत दर्ज की गई. देश में अभी तक कुल 4,00,17,088 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 168.47 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.
देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. यह भी पढ़े : COVID-19: इन दो राज्यों को छोड़कर पूरे भारत में घट रहे कोरोना के मामले- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए. मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 1,072 मामले सामने आए. इनमें से केरल में 601 और महाराष्ट्र में 75 मामले सामने आए. केरल सरकार ने बताया कि राज्य में सामने आए मौत के 601 मामलों में से 36 पिछले 24 घंटे में और 124 मामले पिछले कुछ दिनों में सामने आए थे, लेकिन दर्ज नहीं हो पाए थे. वहीं, मौत के 441 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है.
आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 5,00,055 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,42,859, केरल में 56,701, कर्नाटक में 39,197, तमिलनाडु के 37,666, दिल्ली में 25,932, उत्तर प्रदेश में 23,277 और पश्चिम बंगाल में 20,723 लोगों की मौत हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2022 11:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

