देश की खबरें | ओडिशा कांग्रेस के नए प्रमुख ने भुवनेश्वर से पुरी तक संकल्प पदयात्रा शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के प्रमुख भक्त चरण दास ने मंगलवार को भुवनेश्वर से पुरी के भगवान जगन्नाथ मंदिर तक 60 किलोमीटर की संकल्प पदयात्रा शुरू की।
भुवनेश्वर, 18 फरवरी ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के प्रमुख भक्त चरण दास ने मंगलवार को भुवनेश्वर से पुरी के भगवान जगन्नाथ मंदिर तक 60 किलोमीटर की संकल्प पदयात्रा शुरू की।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर दास का पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। उन्हें 11 फरवरी को पार्टी की ओडिशा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
हवाई अड्डे से दास ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों के साथ पुरी की ओर पदयात्रा शुरू की। उनका 20 फरवरी को पुरी पहुंचने का कार्यक्रम है।
दास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ संकल्प पदयात्रा कांग्रेस के भीतर और राज्य में बदलाव लाने के लिए आयोजित की जा रही है। इसका आयोजन ओडिशा के खोए गौरव को बहाल करने के लिए किया गया है।’’
दास ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने तक कोई भी राजनीतिक बयान नहीं देने का फैसला किया है।
संकल्प पदयात्रा समिति के अध्यक्ष और पूर्व विधायक देबाशीष पटनायक ने कहा कि हवाई अड्डे पर उमड़ी भारी भीड़ राज्य में कांग्रेस के मजबूत भविष्य का संकेत देती है।
पदयात्रा शिशु भवन, राजमहल, कल्पना और रवि टॉकीज चौराहे होते हुए लिंगीपुर चौराहे पर पहुंची। लिंगीपुर में दोपहर के भोजन के बाद यात्रा पीपली की ओर फिर शुरू हुई। रात्रि विश्राम यहीं होगा। अगले दिन यात्रा तीसीपुर पहुंचेगी।
पदयात्रा 20 फरवरी को चंदनपुर से शुरू होगी और दोपहर के भोजन के लिए बाटा मंगला में रुकेगी। दोपहर में दास जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। पटनायक ने बताया कि मंदिर से लौटने के बाद दास मीडिया को संबोधित करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)