देश की खबरें | नेकां नेता ने राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर भाजपा पर गुमराह करने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर केंद्र को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि ‘ऐसी भ्रामक रणनीति लोगों के जनादेश के साथ विश्वासघात और स्थानीय निवासियों की आकांक्षाओं का अपमान है’।

जम्मू, 30 जनवरी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर केंद्र को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि ‘ऐसी भ्रामक रणनीति लोगों के जनादेश के साथ विश्वासघात और स्थानीय निवासियों की आकांक्षाओं का अपमान है’।

नेकां के जम्मू क्षेत्र के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद केंद्र में भाजपा नीत सरकार राज्य का दर्जा बहाल करने में विफल रही है, जिससे क्षेत्र विकास में और भी पिछड़ गया है।

गुप्ता ने यहां जारी एक बयान में कहा, “जम्मू-कश्मीर पहले से ही अन्य राज्यों की तुलना में बुनियादी ढांचे, रोजगार और आर्थिक विकास के मामले में पिछड़ रहा है तथा भाजपा की प्रदेश इकाई के भ्रामक दृष्टिकोण ने स्थिति को और खराब कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल करने की मांग कर रहे हैं लेकिन भाजपा अपने ‘निहित राजनीतिक हितों’ को जनता के कल्याण से ऊपर रख रही है।

गुप्ता ने कहा, “यहां भाजपा नेतृत्व लोगों की वास्तविक चिंताओं के लिए खड़े होने के बजाय केंद्र के मुखपत्र के रूप में काम कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की आवाज को बुलंद करने के बजाय, वे केंद्र सरकार की भ्रामक नीतियों को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे राज्य का दर्जा मिलने में देरी हो रही है।”

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दोहरी शासन प्रणाली ने संकट को और गहरा कर दिया है।

दोहरी प्रणाली में उपराज्यपाल प्रशासन एक निर्वाचित सरकार के साथ मिलकर काम करता है।

उन्होंने कहा, “इस व्यवस्था ने लोगों को अलग-थलग कर दिया है और नीतिगत निष्क्रियता को जन्म दिया है। राज्य का दर्जा बहाल करना ही इस अराजकता को समाप्त करने और जवाबदेह शासन की वापसी का एकमात्र समाधान है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now