एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | यूसीसी देश के विकास और समृद्धि के लिए, जो देशहित में होगा मोदी नीत सरकार करेगी: सीपी जोशी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी. पी. जोशी ने रविवार को कहा कि समान नागरिकता संहिता (यूसीसी) वर्तमान में देश के विकास और समृद्धि के लिए है और जो देशहित में होगा नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार वही काम करेगी।

देश की खबरें | यूसीसी देश के विकास और समृद्धि के लिए, जो देशहित में होगा मोदी नीत सरकार करेगी: सीपी जोशी

जयपुर, दो जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी. पी. जोशी ने रविवार को कहा कि समान नागरिकता संहिता (यूसीसी) वर्तमान में देश के विकास और समृद्धि के लिए है और जो देशहित में होगा नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार वही काम करेगी।

जोशी ने प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर संवाददाताओं से कहा कि भारत के संविधान में सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार का उल्लेख किया गया है, ऐसे में देश में दोहरी व्यवस्था कैसे चल सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति से देश का विकास नहीं हो सकता। भाजपा समाज के सभी वर्गों को उन्नत करना चाहती है।’’

जोशी ने कहा कि कोई भी वर्ग अपनी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के यह विचार देश की समृद्धि को आधार देंगे।

उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कुछ पार्टियों ने कसम खा रखी है कि भाजपा देशहित में कोई भी फैसला ले, उसका विरोध करना है। विपक्षी दलों को यह नहीं पता कि देश की जनता का मिजाज क्या है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने का काम क्या पहले नहीं हो सकता था? क्या ‘एक राष्ट्र, एक कर’ का निर्णय इंदिरा गांधी के समय नहीं हो सकता था? उस समय राजनैतिक लोगों को लगा कि देश से पहले पार्टी है। कहीं पार्टी का वोटबैंक ना चला जाए।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ को लेकर काम किया है, तभी तो देश की जनता का विश्वास भाजपा और केंद्र सरकार पर है।’’

जोशी ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की विजय संकल्प टीम अनुभवी, ऊर्जावान, सर्वहितैषी, और समावेशी है, जिसमें सभी वर्गों से लोगों को दायित्व दिया गया है, जो कि आगामी 2023-24 के चुनावों में टीम विजय संकल्प के साथ एकजुट होकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि भ्रष्ट, नाकारा, जंगलराज, पेपर लीक और झांसेबाज कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ आगामी पांच जुलाई को महिला मोर्चा जयपुर की सड़कों पर थाली नाद के साथ विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं, आगामी 12 जुलाई को झुंझुनू में कर्जमाफी का झूठा वादा करने वाली सरकार के खिलाफ किसान विरोध प्रदर्शन करेंगे और अजमेर में युवा बेरोजगारी भत्ता तथा पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2023 09:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).