नयी दिल्ली, चार जनवरी राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक गिरजाघर में तोड़फोड़ की खबरों का स्वत: संज्ञान लिया और राज्य सरकार से एक रिपोर्ट सौंपने को कहा।
लोगों के एक समूह द्वारा सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरजाघर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई थी और एक वरिष्ठ पुलिसकर्मी पर हमला किया गया था जिसमें वह घायल हो गये थे।
अल्पसंख्यक आयोग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि उसने कथित तोड़फोड़ की खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है और राज्य सरकार से एक रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने कहा, ‘‘इस तरह की घटनाओं से ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। आयोग ने छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि वह इस मामले पर 13 जनवरी, 2023 तक एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपे।’’
आदिवासी बहुल क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के विरोध में सोमवार को लगभग 2,000 लोगों ने नारायणपुर में एक जनसभा की थी, जिसमें ज्यादातर आदिवासी थे।
बैठक के बाद भीड़ समूहों में तितर-बितर हो गई थी। उनमें से कुछ एक स्कूल परिसर में स्थित गिरजाघर में घुस गए थे और उसमें कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY