जरुरी जानकारी | बाजार 2023 में करीब 20 प्रतिशत चढ़ा, साल के अंतिम कारोबारी दिन मुनाफावसूली का जोर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों- सेंसेक्स और निफ्टी में 2023 के दौरान करीब 20 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि साल के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को निवेशकों ने मुनाफा वसूली पर जोर दिया और बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
मुंबई, 29 दिसंबर घरेलू शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों- सेंसेक्स और निफ्टी में 2023 के दौरान करीब 20 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि साल के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को निवेशकों ने मुनाफा वसूली पर जोर दिया और बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
कारोबारियों ने कहा कि पिछले पांच कारोबारी सत्रों में तेजी रहने के बाद शुक्रवार को ऊर्जा, बैंकिंग और आईटी शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 170.12 अंक यानी 0.23 प्रतिशत गिरकर 72,240.26 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 327.74 अंक गिरकर 72,082.64 तक आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 47.30 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,731.40 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह 101.8 अंक तक फिसलकर 21,676.90 पर खिसक आया था।
पूरे साल की बात करें तो 2023 में सेंसेक्स में कुल 11,399.52 अंक यानी 18.73 प्रतिशत की बड़ी उछाल देखी गई। दूसरी ओर निफ्टी में 3,626.1 अंक यानी 20 प्रतिशत की उच्च वृद्धि दर्ज की गई।
साल के अंतिम कारोबारी सत्र में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से अधिकांश नुकसान में रहीं। भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, टाइटन, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और कोटक महिंद्रा बैंक गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर टाटा मोटर्स, नेस्ले, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट में बढ़त हुई।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''साल के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में हल्की मुनाफावसूली हुई। ब्याज दरों में कटौती और बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट के कारण अगले साल की शुरुआत में बाजार का उत्साह जारी रहने की उम्मीद है। दूसरी ओर तेल की कीमतों में इस साल 10 प्रतिशत की गिरावट हुई, जिससे मुद्रास्फीति का दबाव कम हो सकता है।''
उन्होंने कहा कि मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों पर छोटी से मध्यम अवधि में पूर्वानुमान नरमी का है, लेकिन बड़े शेयर मजबूत आय वृद्धि और प्रीमियम मूल्यांकन जारी रहने की उम्मीद में तेजी बनाए रखेंगे।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की नुकसान में रहा, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे। दक्षिण कोरिया में बाजार बंद रहे।
यूरोपीय बाजार तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए।
एक दिन पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 371.95 अंक उछलकर 72,410.38 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 123.95 अंक चढ़कर 21,778.70 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.86 प्रतिशत चढ़कर 77.81 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 4,358.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2023 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

