देश की खबरें | सरपंच हत्या मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में होनी चाहिए: जरांगे

छत्रपति संभाजीनगर, 31 मार्च मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने सोमवार को कहा कि बीड सरपंच हत्या मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में होनी चाहिए।

उन्होंने यह बात बीड जिला जेल में कैदियों के बीच झड़प की खबरों के बाद कही जहां सरपंच हत्या मामले के आरोपी बंद हैं।

बीड के मसाजोग के सरपंच संतोष देशमुख का 9 दिसंबर को अपहरण कर लिया गया, प्रताड़ित किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब उन्होंने वहां एक ऊर्जा कंपनी से उसकी पवनचक्की परियोजना के संबंध में जबरन वसूली की कोशिश कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया था।

मामले में अब तक वाल्मीक कराड सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इससे पहले दिन में, भाजपा विधायक सुरेश धास ने दावा किया कि कराड और सह-आरोपी सुदर्शन घुले पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने जेल के अंदर हमला कर दिया।

जरांगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संतोष देशमुख हत्याकांड की सुनवाई तेजी से होनी चाहिए। मामले के आरोपी बहुत नाटकबाजी कर रहे हैं। आज जो झगड़ा हुआ है, वह अफवाह भी हो सकता है। वे एक-दूसरे को गैंगवार में खत्म कर सकते हैं। हत्याकांड के सभी आरोपियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)