देश की खबरें | पुलिस की पिटाई से युवती की हुई मौत, आरोपियों के खिलाफ दर्ज हो हत्या का मामला : अखिलेश यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चंदौली जिले में पुलिस की छापेमारी के दौरान एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए सोमवार को दावा किया कि उनकी (पुलिस की) पिटाई से ही युवती की मौत हुई है।
वाराणसी (उप्र), नौ मई समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चंदौली जिले में पुलिस की छापेमारी के दौरान एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए सोमवार को दावा किया कि उनकी (पुलिस की) पिटाई से ही युवती की मौत हुई है।
चंदौली में एक मई को पुलिस की छापेमारी के दौरान एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी जिसके बाद छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था। परिवार वालों ने आरोप लगाया था कि युवती के साथ दुष्कर्म किया गया।
चंदौली में युवती के परिजनों से मिलने पहुंचे यादव ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ''क्या कोई कल्पना कर सकता है कि पुलिस 'दबिश' (छापे) के बहाने 'दबंग' बनकर दिखाएगी।''
यादव ने सवाल उठाया कि ''पुलिस को किसी भी घर में घुसकर मारपीट करने का अधिकारी किसने दिया। किस कानून के तहत, उसे (पुलिस को) लोगों को पीटने का अधिकार मिला।''
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि वह (चंदौली की युवती) पुलिस की पिटाई के कारण मर गई। उन्होंने हत्या के आरोप में भादंसं की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। यादव ने कहा कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए और उन्हें जेल भेजा जाए।
यादव ने विभिन्न आरोपों में वाराणसी जेल में बंद अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'भेदभाव' कर रही है और 'जाति और धर्म' के आधार पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो कार्यकर्ता रोजे में उपवास पर थे उन्हें जेल भेज दिया और उन्हें अपनी ईद जेल में मनानी पड़ी। सपा नेता ने भरोसा दिया कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हैं और उन्हें हर संभव कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।
आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2022 04:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

