युवती ने सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया, आत्महत्या की धमकी दी
जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय एक युवती ने आरोप लगाया है कि उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
अलीगढ़ (उप्र), 12 मई : जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय एक युवती ने आरोप लगाया है कि उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. बारहवीं कक्षा पास और कॉलेज में प्रवेश पाने की इच्छुक युवती ने धमकी दी है कि अगर उसके खिलाफ किए गए अपराध के लिए दोषियों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई, तो वह आत्महत्या कर लेगी. बुधवार को एक टीवी चैनल पर युवती ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को उसके गांव के दो लोगों ने गांव के पास एक सुनसान जगह पर उसके साथ मारपीट की और उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए मजबूर किया. युवती ने बताया कि इसके बाद वह बेहोश हो गयी और उससे बलात्कार किया गया.
युवती ने बताया कि कुछ बुजुर्गों की मध्यस्थता और दोषियों की धमकियों के बाद परिवार ने उस समय इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन करीब 10 से 15 दिन बाद घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया और मामला सार्वजनिक हो गया. उन्होंने बताया कि पांच मई को अतरौली थाने में परिवार ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी. परिवार ने आरोप लगाया कि छह मई को एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी जिसमें आरोपों को कम करते हुए दो नामजद अपराधियों पर धारा 354 (छेड़छाड़) और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था. यह भी पढ़ें : Money Laundering Case: खनन सचिव पूजा सिंघल के खिलाफ झारखंड सरकार की बड़ी कार्रवाई, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में निलंबित
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि बुधवार तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी. बुधवार को जब एक स्थानीय टीवी चैनल ने युवती की खबर चलाई और जिसमें उसने कहा कि अगर दोषियों को उचित सजा नहीं दी गई तो वह ‘आत्महत्या’ कर लेगी. इसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया . पुलिस क्षेत्राधिकारी अतरौली शिव प्रताप सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि युवती के परिवार की ओर से छह मई को लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. अदालत में उसका बयान दर्ज किया जायेगा और उसके बयान के आधार पर अंतिम आरोप तय किये जायेंगे .
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2022 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

