देश की खबरें | क्वाड का भविष्य उज्ज्वल है: भारत

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि क्वाड का भविष्य उज्ज्वल है और वह इस वर्ष के अंत में समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।

क्वाड चार देशों का एक समूह है जिसमें ऑस्ट्रेलिया, भारत, अमेरिका और जापान शामिल हैं। यह समूह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।

पिछले कुछ वर्षों में क्वाड ने समुद्री सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और संपर्क (कनेक्टिविटी) के क्षेत्रों समेत हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कुछ सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों और चुनौतियों का समाधान करने के लिए कई पहल की हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘क्वाड का भविष्य उज्ज्वल है।’’

हालांकि उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया कि क्वाड शिखर सम्मेलन कब होगा।

अमेरिका के विलमिंगटन में आयोजित पिछले क्वाड शिखर सम्मेलन में समूह के शीर्ष नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए बड़े कदमों के बारे में जानकारी दी थी।

उन्होंने नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था का भी आह्वान किया जो राष्ट्रों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करती हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)