गुवाहाटी, पांच सितंबर असम में पहले गुवाहाटी एशियाई फिल्म महोत्सव (जीएएफएफ) का आयोजन फरवरी 2025 में किया जाएगा, जिसमें इस क्षेत्र की कुछ प्रमुख फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसके आयोजकों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
फिल्म महोत्सव के आयोजकों ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सात से नौ फरवरी तक चलने वाला तीन दिवसीय यह फिल्म महोत्सव एशियाई और पूर्वोत्तर भारतीय फिल्मों के उत्सव में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर है।
जीएएफएफ की निदेशक मोनिता बोरगोहिन ने कहा, ‘‘यह फिल्म महोत्सव एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा, जिसमें एशिया की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को एक मंच पर लाया जाएगा, तथा पूर्वोत्तर भारत की अनूठी फिल्मों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। ’’
बोरगोहिन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह फिल्म महोत्सव असम के सांस्कृतिक कैलेंडर का एक अनिवार्य हिस्सा बन जाएगा और उन्होंने सभी से फिल्मों के इस ऐतिहासिक उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।
जीएएफएफ में पूर्वोत्तर भारत की फिल्मों के लिए विशेष रूप से एक प्रतिस्पर्धी वर्ग होगा, जिसमें क्षेत्र में फिल्म निर्माण में उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए विभिन्न श्रेणियों में नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रतियोगिता खंड के अतिरिक्त, एक गैर-प्रतियोगिता खंड भी होगा जिसमें चुनिंदा एशियाई और भारतीय फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY