नयी दिल्ली, 16 मई अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त संसद की नई भव्य इमारत में साज सज्जा का काम अंतिम चरण में है और इसके इस महीने के अंत तक तैयार हो जाने की संभावना है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नए संसद भवन की साफ -सफाई शुरू हो गई है लेकिन उद्घाटन पर सरकार की ओर से अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि ऐसी अटकलें हैं कि संसद की नई इमारत का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 30 मई के करीब किया जा सकता है जब भाजपा सरकार अपने नौ साल पूरे करेगी।
संसद की नई इमारत का निर्माण दो साल पहले शुरू हुआ था।
नई इमारत राष्ट्र के शक्ति केंद्र सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास का हिस्सा है। राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक तीन किलोमीटर की सड़क का नवीनीकरण, एक सामान्य केंद्रीय सचिवालय का निर्माण, प्रधानमंत्री का एक नया कार्यालय और आवास, और एक नया उपराष्ट्रपति एन्क्लेव भी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा पूरी की जा रही इस परियोजना का हिस्सा हैं।
सूत्रों ने कहा, “संसद की नई इमारत इस महीने के खत्म होने से पहले तैयार हो जाएगी। हालांकि, इसके उद्घाटन को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।”
ऐसी अटकलें हैं कि संसद की नई इमारत का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 30 मई के करीब किया जा सकता है जब भाजपा सरकार अपने नौ साल पूरे करेगी।
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि यह सरकार पर है कि वह इमारत के उद्घाटन की तारीख कब चुनती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसंबर 2020 में नए संसद भवन की आधारशिला रखी थी, जिसमें आधुनिक सुविधाएं होंगी।
संसद की नई इमारत का निर्माण टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। इस इमारत में भारत की लोकतांत्रिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक भव्य संविधान कक्ष, संसद सदस्यों के लिए एक लाउंज, एक पुस्तकालय, कई समिति कक्ष, भोजन क्षेत्र और पर्याप्त पार्किंग स्थान होगा। परियोजना को पूरा करने की मूल समय सीमा पिछले साल नवंबर थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY