देश की खबरें | हरियाणा में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हुई

चंडीगढ़, 14 जुलाई हरियाणा में शुक्रवार को वर्षाजनित हादसों में चार और लोगों की मौत होने से बारिश संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हो गई। राज्य सरकार के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

राज्य में शनिवार और सोमवार को भारी बारिश हुई, जिससे विभिन्न जिलों में बाढ़ आ गई।

राज्य सरकार के अपराह्न चार बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, लगभग 1,000 गांव और 1.49 लाख एकड़ क्षेत्र पर फसल प्रभावित हुई है।

इसमें बताया गया कि प्रभावित इलाकों से कुल 4,495 लोगों को निकाला गया है, जिनमें से 2,469 लोग राज्य में स्थापित 27 राहत शिविर में रह रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 127 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 135 मकानों को आंशिक क्षति हुई है। बाढ़ से सड़कों और पुलों समेत बुनियादी ढांचे को नुकसान हुआ है।

अधिकारियों ने अब तक राहत सामग्री के लगभग 15,000 खाद्य पैकेट वितरित किए हैं।

अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पंचकूला, झज्जर, कुरूक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, पलवल, सिरसा और यमुनानगर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने शुक्रवार को पंचकूला जिले के प्रभावित इलाकों में स्थिति का जायजा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)