देश की खबरें | चेन्नई में इलाज करा रहे पाकिस्तानी मरीज की मौत

चेन्नई, 28 अप्रैल पाकिस्तान के 23 वर्षीय एक मरीज की चेन्नई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मरीज पिछले 70 दिनों से ईसीएमओ (एक्स्ट्राकोर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनशन) पर था।

ईसीएमओ एक चिकित्सीय तकनीक है जिसमें मरीज के शरीर के बाहर एक मशीन के जरिये रक्त में ऑक्सीजन दी जाती है और कार्बन डाइऑक्साइड हटाई जाती है।

मरीज को 12 फरवरी को गंभीर श्वसन समस्या और फेफड़े की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था।

एमजीएम हेल्थकेयर (अस्पताल) की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘हमारे चिकित्सा दल के अनेक प्रयासों के बावजूद, मरीज का 25 अप्रैल की शाम को लंबी बीमारी और 70 दिनों के ईसीएमओ पर रहने के बाद निधन हो गया।’’

अस्पताल ने बताया कि मरीज के शव को उसके एक रिश्तेदार के हवाले कर दिया गया, जो यहां उसकी देखभाल कर रहा था। इसके बाद शव को पाकिस्तान भेजने के लिए हवाई अड्डे ले जाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)