देश की खबरें | तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है देश, कर्नाटक इसे आगे बढ़ाएगा: गोयल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि देश तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की राह पर है और कर्नाटक वह ‘नगीना’ है जो इस बदलाव को आगे बढ़ाएगा।
बेंगलुरु, चार फरवरी केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि देश तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की राह पर है और कर्नाटक वह ‘नगीना’ है जो इस बदलाव को आगे बढ़ाएगा।
गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी विधानसभा चुनावों के बाद भारी बहुमत के साथ कर्नाटक की सत्ता में वापस करेगी।
गोयल ने कहा, ‘‘भारत एक विकसित राष्ट्र बनने के लिए तेजी से परिवर्तन की राह पर है। कर्नाटक निश्चित रूप से वह नगीना है जो इस परिवर्तन और विकास को तेजी से और अधिक कुशलता से आगे बढ़ाएगा।’’
उन्होंने केंद्रीय बजट पर यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कर्नाटक में रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए 7,561 करोड़ रुपये का पर्याप्त प्रावधान किया है और बेंगलुरु के लिए उपनगरीय रेल प्रणाली पर काम को गति देने के लिए भी पर्याप्त आवंटन किया है।
उन्होंने कहा कि वह कर्नाटक के मध्य हिस्से में ऊपरी भद्रा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए बजट में घोषित 5,300 करोड़ रुपये की सहायता से खुश हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वित्तमंत्री ने एक ऐसा बजट पेश किया है जो एक विकसित राष्ट्र की नींव रखेगा। गोयल ने कहा, ‘‘हमारी दृष्टि समावेशी विकास, सतत विकास, पूरे देश का सर्वांगीण विकास और सभी के लिए समृद्धि।’’
उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति बेहतर और अधिक की आकांक्षी है। उन्होंने कहा, यह बजट ‘‘यंग इंडिया’’ को एक मजबूत संदेश देगा।
कर्नाटक स्टेट कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन द्वारा कर्नाटक में ठेके देने और बिल की मंजूरी के लिए ‘40 प्रतिशत कमीशन’ के आरोप संबंधी एक सवाल पर गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ ही पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकारें देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी आरोप की जांच की जाती है, कार्रवाई की जाती है, जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। आपने जिस आरोप का उल्लेख किया है, उसके बारे में हमने सुना है। मैं आपको और कर्नाटक के लोगों को आश्वस्त कर सकता हूं कि राज्य में भाजपा सरकार एक पारदर्शी और ईमानदार सरकार प्रदान करेगी और जो भी गलत कामों में लिप्त पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।’’
ठेकेदारों द्वारा प्रधानमंत्री को दो बार पत्र लिखे जाने के बावजूद मोदी द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बारे में पूछे जाने पर, गोयल ने कहा कि संज्ञान में लाए जाने पर ‘‘विशिष्ट आरोपों’’ पर कार्रवाई की जाती है और कार्रवाई सख्त होगी।
कांग्रेस के मुफ्त बिजली सहित अन्य चुनावी वादों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अल्पकालिक चुनाव संबंधी नीतियां देश के लिए हानिकारक हैं, और लोग इसके बारे में जानते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)