देश की खबरें | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

नयी दिल्ली, चार जुलाई । उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाने के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

धामी ने सोमवार रात को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने शाह को 'कांवड़ यात्रा' की तैयारी से अवगत कराया लेकिन यूसीसी के बारे में चर्चा हुई या नहीं, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

धामी ने पिछले सप्ताह कहा था कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता के मसौदे पर विचार कर रही है और विशेषज्ञ समिति से रिपोर्ट मिलते ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।

न्यायमूर्ति रंजना देसाई की अध्यक्षता में राज्य द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ पैनल ने पिछले दिनों कहा था कि समान नागरिक संहिता पर मसौदा रिपोर्ट तैयार है और मुद्रण के लिए भेजी गई है।

भारतीय जनता पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में अपने घोषणापत्र में वादा किया था कि यदि वह सत्ता में आएगी तो समान नागरिक संहिता लागू करेगी।

खारी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)