रांची, 18 फरवरी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कामकाज को सुचारू बनाने के वास्ते उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत मंगलवार को छह पोर्टल शुरू किये।
सोरेन ने रांची विज्ञान केंद्र में एक नवाचार केंद्र का भी उद्घाटन किया और नए रांची विश्वविद्यालय परिसर और प्रस्तावित 'साइंस सिटी' के मॉडल का अनावरण किया।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हम उच्च शिक्षा में एक नई दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत आने वाले विश्वविद्यालयों समेत सभी विश्वविद्यालयों में कामकाज को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधाएं शुरू की गई हैं।’’
ये छह पोर्टल वेतन निर्धारण और सत्यापन, शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सीएम फेलोशिप योजना, प्रशिक्षुता प्रबंधन प्रणाली, निजी विश्वविद्यालय प्रबंधन प्रणाली, अनुदान-वित्त रहित महाविद्यालय (गैर-वित्तपोषित महाविद्यालय अनुदान पोर्टल) और शिक्षण प्रबंधन प्रणाली हैं।
इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के प्रस्तावित नए भवन के मॉडल का अनावरण किया गया।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वविद्यालय का नया अत्याधुनिक परिसर चेदी में 87 एकड़ में बनेगा, जिसपर कुल लागत 1,100 करोड़ रुपये आयेगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ इस नए परिसर में राज्य के 30,000 विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ शिक्षा प्रदान की जाएगी।’’
इसके अलावा रांची स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र को ‘साइंस सिटी’ के रूप में उन्नत करने के लिए 270 करोड़ रुपये की परियोजना भी तैयार की गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसका निर्माण 25 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। इसके निर्माण से रांची में वैज्ञानिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY