देश की खबरें | केंद्र सरकार ने आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा को तीसरी बार सेवा विस्तार दिया

नयी दिल्ली, 19 जून केंद्र सरकार ने आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा का कार्यकाल एक साल और बढ़ाकर 28 जून 2025 तक कर दिया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

इस पद पर यह उनका तीसरा सेवा विस्तार है।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा 18 जून को जारी आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने आयुष मंत्रालय के सचिव कोटेचा के कार्यकाल को अनुबंध के आधार पर 28 जून 2024 से आगे एक वर्ष की अवधि के लिए, यानी 28 जून 2025 तक बढ़ाने को मंजूरी दी है।

कोटेचा को 2017 में आयुष (आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया था। उन्हें दो बार - 2020 में और फिर 2022 में दो-दो साल का विस्तार दिया गया था।

आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले, कोटेचा को फिर से सेवा विस्तार दिया गया है।

आयुष मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए नोडल मंत्रालय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे, जो 21 जून को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एसकेआईसीसी) में आयोजित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)