Jalaun Accident: यूपी के जालौन जिले में बारातियों से भरी बस खड्डे में गिरी, पांच मरे, 17 घायल
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के माधवगढ़ क्षेत्र में रविवार तड़के बारातियों को ले जा रही एक बस के किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई तथा 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
जालौन (उप्र), सात मई: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के माधवगढ़ क्षेत्र में रविवार तड़के बारातियों को ले जा रही एक बस के किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई तथा 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. यह भी पढ़ें: Mumbai Fire: दहिसर के वैशाली नगर इलाके में वाघदेवी मित्र मंडल के पास लगी आग (Watch Video)
पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि शनिवार छह मई को रेडर थाना क्षेत्र के मंडेला गांव से एक बारात रामपुरा इलाके के दुतावली आई थी। आज तड़के लगभग तीन बजे कुछ बारातियों को लेकर एक बस वापस मंडेला जा रही थी। बस माधवगढ़ के गांव गोपालपुरा के पास पहुंची तभी किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह बेकाबू होकर एक गहरे गड्ढे में जा गिरी.
उन्होंने बताया कि इस हादसे में बस में सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर माधवगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को रामपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने कुलदीप (36), रघुनंदन (46), सिरोभान (65), करण सिंह (34) और विकास (32) को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में घायल 17 अन्य लोगों को उरई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा है, ‘‘योगी आदित्यनाथ ने जनपद जालौन में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है. मुख्यमंत्री जी ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है."
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने एवं घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2023 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

