एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में चार दिन से जारी तेजी पर विराम, सेंसेक्स 195 अंक टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में चार कारोबारी सत्रों से जारी रिकॉर्ड तेजी पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 195 अंक के नुकसान में रहा। वहीं एनएसई निफ्टी 22,400 के नीचे आ गया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में चार दिन से जारी तेजी पर विराम, सेंसेक्स 195 अंक टूटा

मुंबई, पांच मार्च स्थानीय शेयर बाजारों में चार कारोबारी सत्रों से जारी रिकॉर्ड तेजी पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 195 अंक के नुकसान में रहा। वहीं एनएसई निफ्टी 22,400 के नीचे आ गया।

वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी के बीच आईटी और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) के शेयरों में नुकसान से बाजार में गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 195.16 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,677.13 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय सेंसेक्स 460.04 अंक तक लुढ़क गया था।

पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 49.30 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,356.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए थे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘सोमवार को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद घरेलू बाजार आज सीमित दायरे में रहा। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में बयान से पहले वैश्विक स्तर पर सतर्क रुख का असर घरेलू बाजार पर दिखा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चीन से कोई महत्वपूर्ण प्रोत्साहन उपायों के अभाव में धारणा प्रभावित हुई।’’

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस चार-चार प्रतिशत से अधिक नुकसान में रहीं। इसके अलावा, नेस्ले, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, विप्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, लार्सन एंड टुब्रो और हिंदुस्तान यूनिलीवर में भी गिरावट रही।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, सन फार्मा और एनटीपीसी शामिल हैं।

टाटा मोटर्स का शेयर 3.52 प्रतिशत मजबूत हुआ। कारोबार के दौरान यह 52 सप्ताह के उच्चस्तर तक चला गया था। कंपनी की अपने यात्री और वाणिज्यिक वाहन कारोबार को दो अलग सूचीबद्ध कंपनियों में करने की घोषणा के बाद शेयर में तेजी आई।

बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.63 प्रतिशत नुकसान में जबकि मिडकैप सूचकांक में 0.17 प्रतिशत की गिरावट रही।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘‘मिले-जुले रुख के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव रहा और अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी में शुरूआत स्थिर रही। लेकिन उसके बाद कारोबार के पहले चरण में तेज गिरावट आई। हालांकि बैंक तथा अन्य प्रमुख शेयरों में लिवाली से गिरावट कम हुई।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार में सोमवार को गिरावट रही थी।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.63 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 564.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2024 05:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).