देश की खबरें | गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शव की शिनाख्त हुई, सोमवार को राजकीय शोक

गांधीनगर, 15 जून अहमदाबाद में एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 की दुर्घटना के तीन दिन बाद अस्पताल के अधिकारियों ने रविवार को डीएनए मिलान के माध्यम से गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान की पुष्टि की। इस दुर्घटना में अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य सरकार ने सोमवार को राजकीय शोक की घोषणा की है और रूपाणी के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

रूपाणी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया जाएगा। सरकार ने कहा, ‘‘उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए राजकोट ले जाया जाएगा।’’

सरकार की ओर से जारी सूचना में कहा गया है, ‘‘गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का 12 जून को निधन हो गया। सम्मान के तौर पर सरकार ने फैसला किया है कि 16 जून (सोमवार) को पूरे गुजरात में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा। पूरे राज्य में शोक के दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा... और उस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे।’’

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘रूपाणी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह परिवार को सौंप दिया जाएगा। दोपहर में उनके पार्थिव शरीर को उनके गृहनगर राजकोट ले जाया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि रूपाणी के पार्थिव शरीर को करीब एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा, इसके बाद शाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के डीएनए नमूने आज पूर्वाह्न 11.10 बजे (उनके परिवार के सदस्यों के डीएनए नमूने से) मेल खा गए।’’

ऋषिकेश पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रूपाणी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें डीएनए मिलान के बारे में जानकारी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)