देश की खबरें | पति से झगड़े के बाद घर छोड़ने वाली महिला का शव कुएं से बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भदोही जिले के गोपीगंज इलाके में पति से विवाद के बाद घर से निकली एक महिला का शव 10 दिन बाद बृहस्पतिवार को उसके घर के बाहर स्थित कुएं से बरामद किया गया।
भदोही (उप्र), चार अप्रैल भदोही जिले के गोपीगंज इलाके में पति से विवाद के बाद घर से निकली एक महिला का शव 10 दिन बाद बृहस्पतिवार को उसके घर के बाहर स्थित कुएं से बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के पूरे रजई गांव में पवन श्रीवास्तव नामक व्यक्ति के घर के सामने स्थित एक कुएं से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी थी।
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कुएं से एक शव निकाला। उसकी पहचान पवन की पत्नी वंदना (34) की रूप में हुई।
उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि वंदना 26 मार्च को अपने पति से झगड़े के बाद घर छोड़कर चली गयी थी। इससे पहले उसने अपने दोनों बच्चों से कहा था कि वह वाराणसी में अपनी मां के घर चली जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि पवन ने वंदना के घर छोड़कर जाने पर यह सोचकर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी कि वह अपने मायके गयी होगी।
बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)