ठाणे, 25 जुलाई फर्जी कागजात के जरिए पासपोर्ट और वीजा हासिल कर पाकिस्तान की कथित तौर पर यात्रा करने वाली ठाणे की 23 वर्षीय महिला अपने पहले प्रयास में कामयाब नहीं हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति से अलग हो गई है और वह ठाणे में अपनी मां के साथ रहती है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उसकी पाकिस्तान के एक व्यक्ति से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी, जिसके बाद उसने उससे मिलने के लिए वीजा हासिल करने की कोशिश की, लेकिन विवाह के दस्तावेज नहीं होने के चलते शुरुआत में नाकाम रही।’’
उन्होंने बताया कि बाद में, महिला ने पाकिस्तानी व्यक्ति से डिजिटल माध्यम से शादी की और पाकिस्तान गई, जहां फिर से शादी की। ठाणे पुलिस ने इस बारे में विवरण जुटाने के बाद जांच शुरू की।
अधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण जानकारी हासिल होने के बाद वे कार्रवाई करेंगे।
पुलिस, महिला के पाकिस्तान जाने के लिए पासपोर्ट और वीजा हासिल करने को लेकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज बनाने की जांच कर रही है। उसने महिला और एक व्यक्ति के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है जिसने उसे फर्जी दस्तावेज बनाने में मदद की थी।
अधिकारी ने बताया कि हालांकि, महिला पाकिस्तान से ठाणे लौट आई। उन्होंने बताया कि और भी जांच एजेंसियां मामले की तफ्तीश कर रही है।
वर्तक नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने पूर्व में बताया था कि महिला की पहचान नगमा नूर मकसूद अली उर्फ सनम खान के रूप में हुई है। उसने अपना नाम बदल लिया और ‘आधार’ एवं ‘पैन’ कार्ड तथा अपनी बेटी का जन्म प्रमाणपत्र लोकमान्य नगर में एक केंद्र से हासिल किया। उसने इन दस्तावेजों को अपने पासपोर्ट के लिए आवेदन के साथ संलग्न किया था।
इस बीच, महिला की मां ने अपनी बेटी का बचाव करते हुए कहा कि उसने यात्रा के लिए असली कागजात जमा किये थे, जिनमें उसके विवाह का दस्तावेज भी शामिल है। उन्होंने बताया कि उसने विवाद से बचने के लिए ऑनलाइन अपना नाम बदला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY