मुंबई, 24 मई टेलीविजन धारावाहिक ‘अनुपमा’ के अभिनेता नितेश पांडे बुधवार को तड़के ग्रामीण नासिक के इगतपुरी स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। वह 52 साल के थे। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पांडे को टेलीविजन धारावाहिक ‘साया’, ‘अस्तित्व...एक प्रेम कहानी’, और शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘ओम शांति ओम’ और दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘खोसला का घोसला’ में उनकी भूमिकाओं के लिए भी जाना जाता है। वह शूटिंग के लिए इगतपुरी में थे।
अधिकारी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने इगतपुरी पुलिस थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि पांडे अपने कमरे में बेहोश पाए गए और बाद में अस्पताल में भर्ती किए जाने से उन्हें पहले मृत घोषित कर दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घटना के वक्त पांडे होटल के कमरे में अकेले थे।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पांडे ने कुछ खाने का ऑर्डर दिया था। होटल के कर्मचारी के कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद जब अभिनेता ने दरवाजा नहीं खोला तो उसे शक हुआ।
उन्होंने बताया कि जब कर्मचारियों ने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला तो पांडे बेहोश मिले।
अधिकारी ने बताया, “घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हम मौत का सही कारण जानने के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।”
इससे पहले दिन में पांडे के रिश्तेदार और निर्माता सिद्धार्थ नागर ने अभिनेता के निधन की जानकारी दी थी।
नागर ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “वह कल सुबह शूटिंग के लिए इगतपुरी गए थे और देर रात करीब डेढ़ बजे उनका निधन हो गया। खबर सच है (उनके निधन के बारे में)। मैं स्तब्ध हूं, हमने दो-तीन दिन पहले बात की थी और यह अचानक कैसे हो गया।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY