एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | तेलंगाना सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई, परिजनों की मुआवजे की मांग

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक आटोरिक्शा और ट्रक के बीच टक्कर होने से घायल हुई दो और महिलाओं की मौत हो जाने से इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई। यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।

देश की खबरें | तेलंगाना सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई, परिजनों की मुआवजे की मांग

नलगोंडा (तेलंगाना), 22 जनवरी तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक आटोरिक्शा और ट्रक के बीच टक्कर होने से घायल हुई दो और महिलाओं की मौत हो जाने से इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई। यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।

इससे पहले, पुलिस ने बताया था कि बृहस्पतिवार को नलगोंडा से करीब 70 किलोमीटर दूर अंगादिपेटा में हैदराबाद-नागार्जुन सागर राजमार्ग पर एक ट्रक और एक ऑटोरिक्शा के बीच टक्कर होने से खेतों में काम करने वाली छह महिलाओं और आटोरिक्शा चालक की मौत हो गयी और 10 से अधिक अन्य घायल हो गए।

ट्रक ने एक बड़े ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी जिसमें करीब 20 महिलाएं सवार थीं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘अस्पताल में उपचार के दौरान दो और महिलाओं की मौत हो गयी और 11 लोगों का दो अस्पतालों में इलाज चल रहा है।’’

देवरकोंडा राजकीय अस्पताल में उस समय थोड़ा तनाव उत्पन्न हो गया जहां शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा था जब मृतकों के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

हालांकि तेलंगाना के मंत्री जी जगदीश रेड्डी द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजन को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि, दो कमरे का मकान और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा की घोषणा करने के बाद वे शांत हुए।

अधिकारी ने बताया कि घटना के वक्त ट्रक चालक नशे में था। उसे हिरासत में ले लिया गया है।

आटो के सभी यात्री खेतों में काम करने वाली महिलाएं थीं जो काम से घर लौट रही थीं।

राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने घटना पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा है। राव ने मृतकों के परिवारों के प्रति सांत्वना प्रकट की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 22, 2021 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).