देश की खबरें | तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र में बीआरएस के पहले कार्यालय का उद्घाटन किया

नागपुर, 15 जून तेलंगाना के मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने बृहस्पतिवार को नागपुर में पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन किया। यह महाराष्ट्र में पार्टी का पहला कार्यालय है।

तेलंगाना से बाहर पार्टी की उपस्थिति बढ़ाने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत इस कार्यालय का उद्घाटन किया गया है।

राव ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या पर चिंता व्यक्त की और राज्य के विकास के लिए “तेलंगाना मॉडल” अपनाने की बात कही।

अपराह्न करीब 3 बजकर 45 मिनट पर नागपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे राव का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने वर्धा रोड पर साई मंदिर के निकट स्थित बीआरएस के कार्यालय का उद्घाटन किया।

राव ने यहां सुरेश भट भवन में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोग स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 वर्ष बाद भी पानी, बिजली और कृषि उपज के लिए उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने पूछा, “देश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, इनमें से ज्यादातर घटनाएं महाराष्ट्र में देखी गई हैं। राज्य में कई नदियां होने के बावजूद किसान अपनी जान क्यों ले रहे हैं?”

उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में 24 घंटे बिजली और जल आपूर्ति किए जाने से किसानों की आत्महत्या के मामलों में अपेक्षाकृत कमी आई है।

इस कार्यक्रम के दौरान राव की उपस्थिति में कई पूर्व विधायकों ने पार्टी की सदस्यता ली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)