देश की खबरें | तेलंगाना : बीआरएस नेता कविता ने महिला आरक्षण मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना

हैदराबाद, 24 अगस्त तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान पार्षद के. कविता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच बृहस्पतिवार को इस आरोप पर वाकयुद्ध छिड़ गया कि सत्तारूढ़ दल राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए टिकटों के वितरण में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं दे रहा है।

भाजपा की तेलंगाना इकाई ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक कार्टून पोस्ट किया, जिसमें लिखा था कि कविता 33 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर चुप हैं और महिलाओं को बीआरएस में न्याय नहीं मिला।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कविता ने कहा कि अब महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने की दिशा में काम शुरू करने का समय आ गया है।

कविता ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘‘महिलाओं के बारे में पुरानी सोच को ढोने वाली भाजपा मुझे निशाना बना रही है। यह निराशाजनक है लेकिन आश्चर्य की बात नहीं है। भाजपा असहमति की आवाज को खामोश करने में जितना समय लगा रही है, वह दिलचस्प है।’’

बीआरएस नेता कहा, ‘‘मेरा विश्वास करें कि अब समय आ गया है कि धौंस दिखाने का कृत्य बंद करें और महिला आरक्षण विधेयक को पारित करने की दिशा में काम शुरू करें।’’

सत्तारूढ़ बीआरएस द्वारा विधानसभा चुनावों में महिलाओं को टिकट आवंटित करने पर विपक्षी दल की टिप्पणियों को खारिज करते हुए कविता ने बुधवार को कहा था कि महिला आरक्षण का मुद्दा उनकी घरेलू समस्या नहीं है, बल्कि देश की 70 करोड़ महिलाओं की चिंता है।

केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने विधानसभा चुनावों के लिए टिकटों के वितरण में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं देने को लेकर मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस पर हमला किया था।

इससे पूर्व, मार्च में कविता ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर नयी दिल्ली में एक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।

इस बीच, बीआरएस के कानूनी प्रकोष्ठ ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया गया कि भाजपा नेता और निजामाबाद से सांसद डी अरविंद ने बयान दिया है कि चाहे लोग अपना वोट अन्य पार्टियों को दें या उपरोक्त में से कोई नहीं (नोटा) को, चुनाव वह जीतेंगे।

लोकसभा सदस्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत में कहा गया, ‘‘अरविंद का परोक्ष इरादा कुछ और नहीं बल्कि यह कहना है कि आप कोई भी बटन दबायें, वोट भाजपा के चुनाव चिह्न पर जायेगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)