देश की खबरें | तेलंगाना : बारिश से जुड़ी घटनाओं में 16 लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना में भारी बारिश के दौरान विभिन्न वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की जान चली गई और कुछ लोग अब भी लापता हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने केंद्र से राज्य में बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह करने का फैसला किया है।
हैदराबाद, दो सितंबर तेलंगाना में भारी बारिश के दौरान विभिन्न वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की जान चली गई और कुछ लोग अब भी लापता हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने केंद्र से राज्य में बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह करने का फैसला किया है।
राज्य के आईटी एवं उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने संवाददाताओं को बताया कि नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरा ब्यौरा पता चल पाएगा।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि रेवंत रेड्डी ने यहां अधिकारियों के साथ बारिश की स्थिति की समीक्षा की और वर्षाजनित घटनाओं में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार बाढ़ से हुए नुकसान पर एक व्यापक रिपोर्ट केंद्र को सौंपेगी।
सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने की गुजारिश करेगी तथा केंद्र से तेलंगाना में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का भी अनुरोध करेगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, मवेशियों, बकरियों और भेड़ों के नुकसान के लिए मुआवज़ा बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को उन इलाकों में अलर्ट रहने को कहा गया है जहां भारी बारिश का अनुमान है। जिला कलेक्टरों को जिलों में कॉल सेंटर स्थापित करने को कहा गया है ताकि बारिश से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
रेवंत रेड्डी ने बाढ़ प्रभावित खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम, महबूबाबाद और सूर्यापेट जिलों को पांच करोड़ रुपये की तत्काल सहायता की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समाधान करने को भी कहा।
रेवंत रेड्डी खम्मम और अन्य जिलों में वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)