देश की खबरें | बिहार को लेकर पीयूष गोयल की संसद में की गई टिप्पणी पर भड़के तेजस्वी

पटना, 21 दिसंबर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने संसद में राज्य को लेकर की गई केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टिप्पणी के लिए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाने पर लिया।

यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सदस्य मनोज झा और सदन के नेता पीयूष गोयल के बीच बातचीत का एक वीडियो साझा किया है।

गोयल ने संसद में झा के भाषण के दौरान कहा था, "इनका बस चले तो देश को बिहार बना दें।"

यादव ने ट्विटर कहा, "देखिए, कैसे एक विवेकहीन व अहंकारी केंद्रीय भाजपाई मंत्री सदन के अंदर बिहार और बिहारियों का अपमान कर रहे है?”

राजद नेता ने कहा, “इनके गृह राज्य महाराष्ट्र से 2.5 लाख करोड़ की परियोजनाएं गुजरात चली गईं लेकिन बेचारे चूं तक नहीं कर सके, यही इनकी हैसियत है। बिहार भाजपा के नाकारा सांसदों ने जमीर बेच दिया है।"

उल्लेखनीय है कि झा ने उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को पत्र लिखकर गोयल से माफी और उनकी टिप्पणी को कार्यवाही से हटाने की मांग की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)