जरुरी जानकारी | प्रौद्योगिकी कंपनियों ने मध्यप्रदेश में 25,640 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अलग-अलग क्षेत्रों की प्रौद्योगिकी कंपनियों ने मध्यप्रदेश में 25,640 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है जिससे सूबे में रोजगार के लगभग 1.83 लाख अवसर सृजित होंगे। प्रदेश सरकार के मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
भोपाल, 25 फरवरी अलग-अलग क्षेत्रों की प्रौद्योगिकी कंपनियों ने मध्यप्रदेश में 25,640 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है जिससे सूबे में रोजगार के लगभग 1.83 लाख अवसर सृजित होंगे। प्रदेश सरकार के मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
राज्य के वैश्विक निवेशक सम्मेलन ‘‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’’ के दौरान आईटी और प्रौद्योगिकी के सत्र में इन क्षेत्रों की 35 कंपनियों ने निवेश की प्रतिबद्धता जताई।
एक सरकारी बयान में कहा गया, ‘‘राज्य ने प्रौद्योगिकी के अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 25,640 करोड़ रुपये का निवेश हासिल किया है। इससे रोजगार के लगभग 1,83,400 अवसर सृजित होंगे।’’
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में आठ कंपनियों की ओर से 12,350 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई। इससे 14,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और सूचना प्रौद्योगिकी संबद्ध सेवाओं (आईटीईएस) से जुड़ी कंपनियों ने प्रदेश में 5,500 करोड़ रुपये के निवेश और रोजगार के 93,000 अवसरों के साथ प्रमुख नियोक्ता बनने का वादा किया।
वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) की ओर से 700 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव दिए गए जिनसे राज्य में रोजगार के 40,500 अवसर पैदा होंगे।
बयान में मुख्यमंत्री मोहन यादव के हवाले से कहा गया, ‘‘विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और कुशल प्रतिभाओं से सुसज्जित मध्यप्रदेश रोमांचक मोड़ पर खड़ा है। एम्बर, प्रखर, एसटीडीएल, बियॉन्ड स्टूडियोज और आईआईटीआई दृष्टि जैसी कंपनियों की बड़ी घोषणाएं राज्य के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)