देश की खबरें | शिक्षकों ने डीडीएमए के आदेश की आलोचना की

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर शिक्षकों के एक तबके ने मंगलवार को कहा कि उनका कार्य अकादमिक है और उन्होंने आश्चर्य जताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोविड ड्यूटी के लिए उन्हें क्यों नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों के रूप में चुना गया। हालांकि, डीडीएमए ने अपना वह आदेश वापस ले लिया, जो दिल्ली हवाई अड्डे पर शिक्षकों की तैनाती से संबंधित था।

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने सोमवार को एक आदेश जारी कर सरकारी स्कूल के शिक्षकों को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोविड ‘प्रोटोकॉल’ लागू करने के लिए तैनात करने का निर्देश दिया था।

शिक्षकों द्वारा आलोचना किए जाने के बाद, डीडीएमए ने मंगलवार को अपना आदेश वापस ले लिया, जिसे 31 दिसंबर से 15 जनवरी तक लागू किया जाना था। इसके साथ ही प्राधिकरण ने शिक्षकों को कोविड ड्यूटी से छूट दे दी थी।

इस संबंध में मूल आदेश डीडीएमए की ओर से जिलाधिकारी (पश्चिम) द्वारा जारी किया गया था।

राजकीय विद्यालय शिक्षक संघ के जिला सचिव (पश्चिम-ए) संत राम ने कहा कि शिक्षकों को शिक्षा के अलावा अन्य काम में शामिल नहीं किया जाना चाहिए और शिक्षकों के अलावा अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी हवाई अड्डे पर तैनात किया जाना चाहिए था।

वसुंधरा एन्क्लेव में राजकीय छात्रा सेकेंडरी स्कूल की नीरू विज ने आदेश रद्द करने का स्वागत किया और कहा कि सिविल डिफेंस के लोगों को भी हवाई अड्डा ड्यूटी के लिए शामिल किया जाना चाहिए था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)